देवेन भारती के मुंबई पुलिस कमिश्नर बनने से खुशी की लहर
दरभंगा के तेज तर्रार आईपीएस अधिकारी देवेन भारती को मुंबई का पुलिस कमिश्नर बनाया गया है, जिससे पूरे मिथिला के लोगों में गर्व का संचार हुआ है। उनके परिवार और दोस्तों ने इस उपलब्धि पर खुशी जताई है। देवेन...

दरभंगा के तेज तर्रार आईपीएस अधिकारी देवेन भारती के बुधवार को मुम्बई के पुलिस कमिश्नर बनने से पूरे मिथिला के लोगों का सर फख्र से ऊंचा हो गया है।देवेन भारती के मुंबई के पुलिस कमिश्नर बनाए जाने पर दरभंगा में रहने वाले उनके परिजन और उनके परिवार को जानने वाले लोगों के बीच खुशी की लहर दौड़ गई। परिवार से जुड़े लोगों को वो दिन याद आ गए जब अपने स्कूल के दिनों में देवेन और उनके भाई मृणाल अपने पिता के स्कूटर पर बैठ शहर में घूमा करते थे। दरभंगा चित्रगुप्त सभा से उनके पिता और मां जुड़ी थीं। सभा के कई वरिष्ठ सदस्यों ने बताया कि देवेन भी अपने माता-पिता के साथ वहां आया करते थे।
देश की आर्थिक राजधानी में पुलिस कमिश्नर के पद पर पहुंचकर उन्होंने केवल अपने परिवार ही नहीं, बल्कि पूरे दरभंगा का नाम रोशन किया है।शहर के जाने माने चिकित्सक डॉ. राज रंजन प्रसाद ने कहा कि उनका मुंबई का पुलिस कमिश्नर बनना हम लोगों के लिए गौरव की बात है। उनके परिवार से हमारा पुराना जुड़ाव है। स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. सीमा ने कहा कि देवेन भारती को मुंबई पुलिस की कमान सौंपी जाने से यह लोग फूले नहीं समा रहे हैं। समाजसेवी नवीन सिन्हा और मधुबाला सिन्हा ने भी देवेन भारती के मुंबई पुलिस कमिश्नर के पद पर तैनात किए जाने को लेकर खुशी जताई। उन्होंने बताया कि उनका परिवार दरभंगा चित्रगुप्त सभा से लंबे समय तक जुड़ा रहा। श्री भारती का इस मुकाम तक पहुंचना दरभंगा वासियों के लिए गर्व की बात है। आलोक पुंज, रितेश कुमार, गुंजन कुमार आदि ने कहा कि देवेन भारती ने पूरे मिथिला का नाम रोशन किया है। देवेन ने दरभंगा शहर के एक निजी स्कूल से प्रारंभिक शिक्षा ग्रहण की। मैट्रिक नेतरहाट, झारखंड से किया। वहीं, दिल्ली स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स से मास्टर की डिग्री हासिल की । देवेन भारती 1994 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। 1998 से 2003 तक वे इंटेलिजेंस ब्यूरो में थे। श्री भारती महाराष्ट्र एटीएस के प्रमुख और अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर (विधि व्यवस्था) के रूप में भी सेवा दे चुके हैं। उनके पुलिस कमिश्नर बनने पर बड़ी संख्या में लोग उन्हें बधाई दे रहे हैं। देवेन भारती महाराष्ट्र एटीएस के प्रमुख और अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर (विधि व्यवस्था) के रूप में भी सेवा दे चुके हैं। देवेन पांच भाई-बहनों में सबसे बड़े हैं। उनकी तीन बहनें हैं। सबसे छोटे भाई मृणाल भारती सुप्रीम कोर्ट में अधिवक्ता हैं। शहर के लाल को अहम जिम्मेदारी मिलने पर पूरे मिथिला में लोग गर्व महसूस कर रहे हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।