गाजे -बाजे संग निकला मां दुर्गा का विसर्जन जुलूस
दरभंगा में चैती नवरात्र का समापन प्रतिमाओं के विसर्जन के साथ हुआ। विसर्जन जुलूस में श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या ने भाग लिया। मां दुर्गा की प्रतिमा को सजीवता के साथ विसर्जित किया गया। बिरौल में कन्या...

दरभंगा/सिंहवाड़ा/बिरौल, हिटी। प्रतिमाओं के विसर्जन के साथ ही सोमवार को चैती नवरात्र का समापन हो गया। इस दौरान जगह-जगह विसर्जन जुलूस निकाला गया। सिंहवाड़ा थाना क्षेत्र के अस्थुआ में विसर्जन जुलूस के साथ वासंती दुर्गा पूजा उत्सव धूमधाम से संपन्न हुआ। इस मौके पर निकले विसर्जन जुलूस में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने गाजे-बाजे के साथ भाग लिया। जय मां अंबे जय जगदंबे के नारे से क्षेत्र गुंजायमान हो रहा था। मंदिर परिसर से निकली मां दुर्गा की प्रतिमा को लेकर श्रद्धालु रधियाकुट्टी, महंत पोखर होते हुए ठाकुरबाड़ी पोखर पहुंचे। वहां मां की आरती और विसर्जन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु जय मां दुर्गे, जय भवानी के नारे लगा रहे थे। मौके पर दुर्गा पूजा कमेटी के अध्यक्ष श्याम यादव, सचिव अजीत झा, कोषाध्यक्ष रिपू ठाकुर, मुखिया धर्मेन्द्र यादव आदि देखरेख में लगे थे। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सिंहवाड़ा थानाध्यक्ष रंजीत कुमार चौधरी दल-बल के साथ मौजूद था। उधर, बिरौल प्रखंड क्षेत्र में चैती दुर्गा पूजा सौहार्द वातावरण में कन्या भोजन के साथ संपन्न हो गया। इस अवसर पर कई पूजा स्थलों से आकर्षक झांकियां निकाली गई। मोहम्मदपुर बुआंरी गांव के सपहा घाट पूजा स्थल पर 501 कन्याओं को भोजन कराया गया। पूजा समिति के सदस्य पप्पू सिंह ने बताया कि प्रतिमा विसर्जन मंगलवार को किया जाएगा। इधर, क्षेत्र के सुपौल बाजार के हाट गाछी, अकबरपुर बेंक व बलरा सहित सभी पूजा स्थलों पर वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधिवत पूजा-अर्चना की गयी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।