Hindi NewsBihar NewsDarbhanga NewsBihar Matriculation Exam Conducted Peacefully Across 66 Centers

विज्ञान विषय की परीक्षा से संतुष्ट दिखे परीक्षार्थी

दरभंगा में बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के निर्देश पर 66 परीक्षा केंद्रों पर मैट्रिक की परीक्षा शांति से संपन्न हुई। विज्ञान विषय की परीक्षा में 110 प्रश्न पूछे गए थे, जिसमें 80 वस्तुनिष्ठ प्रश्न...

Newswrap हिन्दुस्तान, दरभंगाSat, 22 Feb 2025 04:14 AM
share Share
Follow Us on
विज्ञान विषय की परीक्षा से संतुष्ट दिखे परीक्षार्थी

दरभंगा। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के निर्देश पर शुक्रवार को जिले के 66 परीक्षा केंद्रों पर दोनों पालियों में मैट्रिक की परीक्षा शांतिपूर्वक संपन्न हुई। प्रथम एवं द्वितीय पाली में अनिवार्य विषय विज्ञान की परीक्षा हुई। दो घंटा 45 मिनट की परीक्षा में कुल 110 प्रश्न पूछे गए थे। सभी केंद्रों पर सघन जांच के बाद ही परीक्षार्थियों को अंदर जाने दिया गया। इसमें कुल 80 वस्तुनिष्ठ प्रश्न थे। इनमें से 40 प्रश्नों का उत्तर देना था। प्रत्येक प्रश्न के साथ चार विकल्प दिए गए थे। इनमें से एक सही विकल्प को ओएमआर शीट पर चिन्हित करना था। वस्तुनिष्ठ प्रश्नों में ब्यूटेन के आइसोमर्स, मिथेन के अणु का आकार, कार्बनिक यौगिक में कार्बन की संयोजकता, एथिलीन का आइयूपीएसी नाम, मेंडलीव की आवर्त सारणी की एक कमी, सीएफसी का व्यापक उपयोग, पित्त रस, छोटी आंत में विलाई आदि से संबंधित प्रश्न पूछे गए थे।

एमएलएसएम कॉलेज परीक्षा केंद्र से निकले परीक्षार्थियों मोहन राम, मीनू कुमारी, शीतल साहनी आदि ने बताया कि वस्तुनिष्ठ प्रश्न भी बहुत आसान नहीं थे, लेकिन सभी प्रश्न पाठ्यक्रम से ही पूछे गए थे। वहीं, मारवाड़ी उच्च विद्यालय परीक्षा केंद्र से निकले परीक्षार्थियों ने बताया कि प्रश्न संख्या एक से आठ तक लघु उत्तरीय प्रश्न पूछे गए थे। इनमें से किन्हीं चार प्रश्नों के उत्तर देने थे। इसके लिए आठ अंक निर्धारित थे। लघु उत्तरीय प्रश्नों में ग्रह का टिमटिमाना, निरपेक्ष अपवर्तनांक, दूर दृष्टि दोष, विद्युत चुंबकीय प्रेरण, विद्युत बल्ब में निष्क्रिय गैस का भरा जाना आदि थे।

भौतिकी विषय में दो दीर्घ उत्तरीय प्रश्न प्रश्न संख्या नौ एवं 10 पूछे गए थे, जिनमें से किसी एक का उत्तर देना था। इनमें दृष्टि दोष क्या है, यह कितने प्रकार के होते हैं, इनका निवारण कैसे किया जाएगा तथा बायोगैस संयंत्र की बनावट और कार्य विधि का वर्णन पूछा गया था। रसायन विज्ञान में प्रश्न संख्या 11 से 18 तक लघु उत्तरीय प्रश्न पूछे गए थे। इनमें से किन्हीं चार प्रश्नों के उत्तर देने थे। रासायनिक समीकरण, सोडियम कार्बोनेट का जलीय विलियन, सूचक क्या है।

जीव विज्ञान विषय के लघु उत्तरीय प्रश्नों में श्वसन की परिभाषा, जाईलम तथा फ्लोएम में अंतर, उत्सर्जन क्या है आदि पूछे गए थे। जीव विज्ञान के दीर्घ उत्तरीय प्रश्नों में प्रकाश संश्लेषण, अपशिष्ट पदार्थों के चक्रण का उदाहरण देकर समझाना पूछे गए थे। इन प्रश्नों के लिए पांच अंक निर्धारित किए गए थे। डीईओ कृष्णानंद सदा ने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के नियमानुसार शांतिपूर्ण परीक्षा का आयोजन हो रहा है।

बेनीपुर में 60 परीक्षार्थी रहे अनुपस्थित

बेनीपुर। अनुमंडल के छह परीक्षा केंद्रों पर शुक्रवार को विज्ञान विषय की परीक्षा में दोनों पालियों के दौरान 60 परीक्षार्थी अनुपस्थित पाए गए। जयानंद हाई स्कूल बहेड़ा, बहेड़ा कॉलेज बहेड़ा, टीटी कॉलेज बहेड़ा, अयाची मिथिला महिला कॉलेज बहेड़ा, अनुमंडलीय सरकारी डिग्री कॉलेज लक्ष्मणपुर, प्रोजेक्ट कन्या उच्च विद्यालय बेनीपुर परीक्षा केंद्र पर दोनों पालियों में शांतिपूर्ण परीक्षा होने की बात केंद्राधीक्षकों ने कही। इस दौरान दंडाधिकारी के साथ पुलिस बल तैनात सभी केंद्रों पर देखे गए।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें