बाणेश्वरी स्थान संकल्प स्थल के रूप में होगा विकसित:वीसी
कामेश्वर सिंह दरभंगा संस्कृत विवि के कुलपति प्रो. लक्ष्मी निवास पांडेय ने बाणेश्वरी महोत्सव का उद्घाटन किया। इस अवसर पर पत्रिका विमोचन, पुरस्कार वितरण और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम...

कामेश्वर सिंह दरभंगा संस्कृत विवि के कुलपति प्रो. लक्ष्मी निवास पांडेय ने कहा कि बाणेश्वरी स्थान को संकल्प स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा। ये बातें उन्होंने बाणेश्वरी स्थान में आयोजित दो दिवसीय बाणेश्वरी महोत्सव के पहले दिन रविवार को उद्घाटन समारोह में कही। प्रखंड क्षेत्र के भंडारिसम मकरंदा स्थित सिद्ध पीठ बाणेश्वरी भगवती स्थान में बाणेश्वरी महोत्सव के पहले दिन पत्रिका विमोचन, माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक विद्यालयों के 10 छात्र-छात्राओं के बीच पुरस्कार वितरण एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। दो सत्रों में हुए महोत्सव कार्यक्रम के प्रथम सत्र में ‘बाणेश्वरी उपहार पत्रिका का विमोचन इसके संरक्षक कुमार कपिलेश्वर सिंह ने मंदिर परिसर में किया। कुमार कपिलेश्वर सिंह का रूपेश झा के नेतृत्व में वेद मंत्रों से स्वागत किया गया।
पत्रिका विमोचन सह लोकार्पण कार्यक्रम में कुलपति प्रो. लक्ष्मी निवास पांडेय, पूर्व कुलपति डॉ. रामचंद्र झा, डॉ. टुनटुन झा ‘अचल, विधायक सह पूर्व मंत्री ललित कुमार यादव, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी चंदन कुमार, बीडीओ दुनिया लाल यादव, बाणेश्वरी न्यास समिति के अध्यक्ष डॉ. राम मोहन झा, सचिव संजीव कुमार झा, प्रबंधक बचनेश्वर झा, लगमा स्थित ब्रह्मचर्याश्रम संस्कृत कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सदानंद झा सहित कई अन्य लोग उपस्थित थे।
संरक्षक कुमार कपिलेश्वर सिंह ने कहा कि इस ऐतिहासिक परिसर को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने का हर संभव प्रयास किया जाएगा। इससे यह स्थान लोगों की आस्था का केंद्र भी बन सकेगा। पूर्व कुलपति डॉ. रामचंद्र झा ने भगवती की महिमा का विस्तार से वर्णन किया। दूसरे सत्र में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम का शुभारंभ जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी चंदन कुमार, बीडीओ दुनिया लाल यादव, सीओ रविकांत, न्यास समिति के अध्यक्ष डॉ. राम मोहन झा ने किया।
इस कार्यक्रम में अनुराग ठाकुर ने नृत्य प्रस्तुति, रवि मुकुल और किलकारी किलकारी के बच्चों का चिन्नी नाट्य कार्यक्रम दर्शकों के लिए मनमोहक रहा। संजय सरदार के गायन, दीपक कुमार झा की भगवती वंदना एवं राघव तथा शत्रुघ्न समूह द्वारा प्रस्तुत कत्थक नृत्य से दर्शक आत्मविभोर हो गए। कार्यक्रम के समापन पर प्रखंड क्षेत्र के माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक विद्यालयों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पांच-पांच छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया गया।
इसमें उजान के गगन दीप लाल, दहौड़ा की काजल कुमारी, नेहरा के अमन कुमार, नरोत्तमपुर के अवधेश ठाकुर एवं माउंबेहट विद्यालय के शिवम कुमार तथा उच्च माध्यमिक विद्यालयों के बच्चों में नरोत्तमपुर की रौशनी कुमारी, बघांत की निष्ठा मिहिर, नेहरा प्रोजेक्ट की खुशबू कुमारी, नेहरा प्लस टू की रूबिया सवारी व बघांत प्रोजेक्ट स्कूल की अफरीन परवीन शामिल हैं। इन्हें जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी चंदन कुमार एवं बीडीओ सहित अन्य अधिकारियों ने प्रमाणपत्र व मोमेंटो देकर पुरस्कृत किया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।