Notification Icon
Hindi Newsबिहार न्यूज़Con woman duped two sister in laws offering brass pot claiming to filled with gold and silver

पीतल के 17 बर्तन 15 दिन बाद खोलना, लबालब सोना-चांदी मिलेगा; देवरानी-जेठानी से 22 लाख कैश और जेवर ठगे

  • मोतिहारी के कल्याणपुर में विधवा जेठानी और देवरानी से एक महिला ने झांसा देकर दोनों के पतियों की मौत के बाद मिले मुआवजे का पैसा ठग लिया। सोना और नकद मिलाकर दोनों से 21-22 लाख रुपए ऐंठ कर महिला फरार हो गई है।

Ritesh Verma हिन्दुस्तान, कल्याणपुरMon, 12 Aug 2024 04:48 AM
share Share

मोतिहारी के कल्याणपुर में जेठानी और देवरानी से एक महिला ने झांसा देकर 14 लाख नकद और तकरीन 8 लाख रुपए के जेवरात ठग लिए और फरार हो गई। दोनों औरतों के पति की एक दुर्घटना में मौत हो गई थी और ठगा गया कैश का बड़ा हिस्सा उन मौतों के बदले मिले मुआवजे का पैसा है। ठगने वाली महिला ने दोनों को लाल कपड़े से बंद पीतल के कुल 17 बर्तन दिए जिसे दोनों को 15 दिन बाद यह कहकर खोलने कहा गया था कि तब वो सोना और चांदी से लबालब भरा मिलेगा। बर्तन खोलने के बाद उसमें बालू और मिट्टी मिली। ठगी का अहसास होने पर दोनों महिलाओं ने पुलिस के पास मुकदमा दर्ज कराया है।

मिली जानकारी के अनुसार पकड़ी दीक्षित पंचायत की पचखड़वा निवासी संगीता देवी और रेखा देवी से 14 लाख नकद और 130 ग्राम आभूषण की ठगी कर ली गई है। दोनों रिश्ते में गोतनी हैं। केसरिया थाने में मामले की एफआईआर दर्ज की गई है। संगीता देवी ने 3 अगस्त को थाने में दी गई शिकायत में बताया है कि दोनों गोतनी तीन महीने पहले बलिबेलवा से ऑटो से चकिया जा रही थीं। इसी दौरान एक महिला ने उन्हें चाय, नाश्ता और नमकीन खिलाया। इसके बाद उन लोगों का दिमाग काम नहीं कर रहा था। महिला दोनों के साथ चकिया में उतरी और कहा कि तुम लोग कल केसरिया दुर्गा मंदिर पर आओ। 

ना ओटीपी, ना मैसेज; महिला के खाते से उड़ाए 53 लाख, ठगी का अनोखा मामला

अगले दोनों गोतनी दुर्गा मंदिर पहुंचीं। वहां महिला ने एक गोतनी को 9 पीस पीतल का बर्तन और दूसरी को 8 पीस पीतल का बर्तन दिया। बर्तन के मुंह लाल कपड़े से बंधे थे। महिला ने उन्हें बताया कि सभी बर्तन सोना-चांदी से भरे हैं। लेकिन इसका मुंह अभी नहीं खोलना है। खोलने पर परिवार के लोगों की मौत हो जाएगी। बर्तन घर ले जाओ और 15 दिन बाद खोलना। महिला ने अपना नाम कमला भगतीन और पिता का नाम जयसवाल भगतीन बताया था।

प्राथमिकी के अनुसार बर्तन के बदले महिला ने रुपये की मांग की और एक मोबाइल फोन खरीद कर देने कहा। बोली कि इसी मोबाइल से आगे फोन करेंगे। महिला के पास पहले से एक मोबाइल था, जिससे वह फोन करती थी। उसी नंबर से रोज फोन करके दुर्गा मंदिर पर बुलाती थी। संगीता ने बताया महिला ने उसका 50 ग्राम गहना और 6 लाख रुपये जबकि रेखा देवी का 80 ग्राम गहना और 8 लाख रुपये लेकर भाग गई है। बर्तन का कपड़ा खोलने पर उसमें से बालू व मिट्टी निकली।

गहने उतरो, 81 कदम चलो... भगवान दिखेंगे; इतना कहकर जालसाज रफूचक्कर, महिला हो गई ठगी का शिकार

थानाध्यक्ष उदय कुमार ने बताया कि एफआईआर दर्ज कर अज्ञात महिला की खोज की जा रही है। संगीता देवी के पति अजय गिरी और रेखा देवी के पति विजय गिरी गुजरात में मजदूरी करते थे, जहां उनकी एक दुर्घटना में मौत हो गई। इसमें दोनों को मुआवजे की राशि मिली थी। दोनों गोतनी विद्यालय में मध्याह्न भोजन बनाकर अपना परिवार चलाती हैं।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें