उप मुखिया गोली कांड मामले में चार आरोपी गिरफ्तार
दाउदपुर के मुबारकपुर पंचायत के उप मुखिया कमलेश यादव पर गोलीबारी के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मुख्य आरोपी विजय यादव, जो पूर्व में दोहरे हत्या कांड में शामिल था, भी पकड़ा गया...

पुलिस ने मैगजीन रहित एक पिस्टल व एक खोखा किया बरामद दाउदपुर(मांझी)। मांझी प्रखंड की मुबारकपुर पंचायत के उप मुखिया पर विगत 2 मार्च की रात में शादी समारोह से नेवता करके लौटने के दौरान गोली मारकर गम्भीर रूप से जख्मी कर देने के मामले में मांझी थाना पुलिस ने नामजद 6 आरोपियों में से चार को गिरफ्तार करने के बाद पूछताछ कर बुधवार को जेल भेज दिया। उक्त मामले में नामजद मुख्य अभियुक्त व पूर्व के दोहरे हत्याकांड में छपरा जेल से जमानत पर छूटकर आये मुबारकपुर पंचायत के मुखियापति विजय यादव भी शामिल हैं। प्रशिक्षु एएसपी सह मांझी थानाध्यक्ष संकेत कुमार ने बताया कि पहले से चले आ रहे आपसी विवाद व राजनीतिक मनमुटाव को लेकर उप मुखिया कमलेश यादव पर जानलेवा हमला किया गया था। उन्होंने बताया कि मुखियापति विजय यादव व उनके भाई अजय यादव के अलावा मनीष कुमार यादव और राहुल कुमार यादव को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया गया है। गिरफ्तारी के बाद उनकी निशानदेही पर पुलिस ने मैगजीन रहित एक पिस्टल के साथ एक खोखा भी बरामद किया है, जिसे जांच के लिए पटना भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि एफएसएल की टीम ने भी घटना-स्थल से एकत्रित खून के कतरे को फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है। उन्होंने बताया कि पुलिस को जांच-पड़ताल के दौरान नामजद आरोपियों के अलावा छपरा शहर व सीमावर्ती बलिया जनपद के एक-एक अपराध कर्मी उक्त गोलीकांड में संलिप्तता की बात सामने आई है। जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस उनके संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। प्रशिक्षु एएसपी ने यह भी बताया कि शीघ्र ही मुबारकपुर में शांति समिति की एक बैठक बुलाकर राजनीतिक रूप से विभिन्न गुटों में विभक्त लोगों के बीच समन्वय स्थापित कराने का प्रयास किया जाएगा ताकि मुबारकपुर में पहले से चली आ रही कटुता को हमेशा के लिए समाप्त कराया जा सके। मौके पर अपर थानाध्यक्ष अमित कुमार भी मौजूद थे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।