छेड़खानी के विरोध पर मारपीट कर किया जख्मी
डुमरांव में एक मैरेज हॉल में छेड़खानी के मामले में तनाव बढ़ गया। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया, लेकिन नाराज युवकों ने एक व्यक्ति को पीटकर घायल कर दिया। यह घटना उस समय हुई जब एक शादी में मनचले...

डुमरांव, हमारे प्रतिनिधि। कोरानसराय चौक के समीप एक मैरेज हॉल में छेड़खानी के सवाल पर शुक्रवार की रात माहौल तनावपूर्ण हो गया था। हालांकि पुलिस ने मौके पर पहुंच शांत करा दिया। शनिवार की सुबह नाराज युवकों ने एक व्यक्ति को पीटकर जख्मी कर दिया। कोरानसराय के एक मैरेज हॉल में कसियां गांव निवासी वीरेंद्र सिंह की लड़की की शादी चौगाईं गांव निवासी कामेश्वर सिंह की पुत्र से हो रही थी। द्वार पूजा के दौरान मनचले युवक लड़कियों के साथ छेड़खानी करने लगे। इसपर लड़की पक्ष के लोगों ने पुलिस को सूचित किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवकों को समझा बुझाकर शांत करा दिया।
पुलिस के हस्तक्षेप से युवक नाराज थे। शनिवार की सुबह चौगाईं से स्कार्पियो सवार युवक लाठी-डंडे लेकर पहुंचे और लड़की के मामा को मैरेज हॉल से बाहर बुलाकर पिटाई कर दी। चीख-पुकार सुनकर जब तक लोग मैरेज हॉल से बाहर आए तबतक सभी फरार हो गए। इस घटना में जख्मी जामवंत राय के बयान पर पुलिस ने विशाल सिंह सहित चार लोगों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।