टेबल टेनिस डबल्स में महाराष्ट्र व तमिलनाडु को स्वर्ण
खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025 : टेबल टेनिस डबल्स में महाराष्ट्र व तमिलनाडु को स्वर्ण टेबल टेनिस डबल्स में महाराष्ट्र व तमिलनाडु को स्वर्ण

खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025 : टेबल टेनिस डबल्स में महाराष्ट्र व तमिलनाडु को स्वर्ण हॉकी महिला वर्ग में बिहार ने महाराष्ट्र को दी मात बालिक वर्ग में बिहार को ओडिशा में मिली हार राजगीर, निज संवाददाता। राजगीर खेल परिसर में गुरुवार को टेबल टेनिस के डबल्स में पदकों के लिए मुकाबला खेला गया। बालिका वर्ग में महाराष्ट्र तो बालिक वर्ग में तमिलनाडु के खिलाड़ियों ने स्वर्ण पदक हासिल किया। इसके अलावा कांस्य पदक के लिए भी मुकाबले हुए। हॉकी में बिहार की महिला टीम ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए महाराष्ट्र को मात दी। हालांकि, बालक वर्ग में बिहार की टीम को ओडिशा के खिलाफ हार का सामना करना।
टेबल टेनिस डबल्स बालिका वर्ग में महाराष्ट्र की लड़कियों ने कमाल का प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। पश्चिम बंगाल को रजत पदक से संतोष करना पड़ा। महाराष्ट्र की काव्या भट्ट व दिव्याश्री भौमिक ने पश्चिम बंगाल की अविशा कर्माकर व शुभाक्रिता दत्त को सीधे सेटों में 11-6, 11-9, 11-7 से हरा दिया। महाराष्ट्र की टीम बिहार व यूपी की टीमों को हराकर फाइनल में पहुंची थी। फाइनल मुकाबले में बाएं हाथ की काव्या भट्ट ने जोरदार स्मैश लगाकर महाराष्ट्र को शुरुआत से ही बढ़त दिलाई। दूसरे सेट में बंगाल की खिलाड़ियों ने टक्कर देने की कोशिश की। काव्या खेलो इंडिया एकेडमी चेन्नई तो दिव्या खेलो इंडिया एकेडमी बेंगलुरु में अभ्यास करती हैं। कांस्य पदक के लिए तमिलनाडु व यूपी के बीच मुकाबला हुआ। तमिलनाडु ने यूपी को 11-8, 12-10, 11-7 से हराकर कांस्य पदक पर कब्जा किया। बालक वर्ग के फाइनल में तमिलनाडु का मुकाबला असम से हुआ। पहला सेट जीत असम के लड़कों ने काफी अच्छी शुरुआत की। इसके बाद के लगातार तीन सेट जीतकर तमिलनाडु ने स्वर्ण पदक पर कब्जा जमा लिया। तमिलनाडु ने असम को 7-11, 11-9, 11-9, 11-9 से हराया। कांस्य पदक के लिए दिल्ली व महाराष्ट्र में भिड़ंत हुई। दिल्ली ने महाराष्ट्र को 11-7, 8-11, 14-12, 11-7 से हरा दिया। तीसरे सेट में दोनों टीमों के बीच जबर्दस्त मुकाबला हुआ। शुक्रवार को सिंगल्स के क्वार्टर फाइनल मुकाबले शुरू होंगे। सांसद कौशलेन्द्र कुमार, एसडीओ कुमार ओमकेश्वर ने विजेताओं को मेडल देकर सम्मानित किया। हॉकी में मिलाजुला रहा बिहार का प्रदर्शन: राजगीर खेल परिसर में गुरुवार को हॉकी में बालक और बालिका वर्ग के 2-2 मुकाबले खेले गये। बालिका वर्ग में बिहार की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत का खाला खोला। बिहार की टीम ने कड़े मुकाबले में महाराष्ट्र को 2-1 से मात देकर अंक हासिल किया। दर्शकों ने टीम के खिलाड़ियों को जमकर हौसला बढ़ाया। दूसरे मैच में ओडिशा और झारखंड की टीमों के बीच हुआ मैच ड्रा हो गया। पूरे समय तक दोनों टीमों की खिलाड़ी एक भी गोल नहीं कर पायी। बालक वर्ग में बिहार की टीम को फिर से हार का सामना करना पड़ा। ओडिशा ने बिहार को 2-0 से धूल चटा दी। बिहार के खिलाड़ियों ने मुकाबला करने का पूरा प्रयास किया। दूसरा मैच कर्नाटक व पंजाब की टीमों के बीच हुआ। इस मैच में दोनों टीमों ने गोलों की बरसात कर दी। पंजाब की टीम ने 8 गोल दागे तो कर्नाटक की टीम ने भी 4 गोल किये। पंजाब ने कर्नाटक को 8-4 से मात दी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।