टोटो को ट्रक ने पीछे से मारी टक्कर, महिला की मौत
रंगरा के एनएच 31 पर भट्टा चौक के पास हुआ हादसा महिला ने टोटो में

रंगरा थाना क्षेत्र में एनएच 31 पर भट्टा चौक के पास रविवार की सुबह नौ बजे ट्रक की चपेट में आने से टोटो पर सवार महिला की मौत हो गई। यह हादसा उस वक्त हुई जब भागलपुर से विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र अंतर्गत कंपनीबाग के एक परिवार के लोग अपने लड़के की शादी की बात करने डूमर गांव जा रहे थे। रास्ते में टोटो में बैठने के लिए महिला ने हाथ दिया और जैसे ही टोटो चालक ने वाहन रोका, पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने टोटो को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हो गये। घायलों में दो की हालत गंभीर बताई गई जिन्हें भागलपुर रेफर कर दिया गया। टोटो चालक हादसे के बाद मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद टोटो पर सवार निवास मंडल ने 112 पर कॉल कर घटना की सूचना दी। इसके बाद रंगरा थाना के पुलिसकर्मी, थानाअध्यक्ष आशुतोष कुमार के नेतृत्व में मौके पर पहुंचे और घायलों को रंगरा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। मृत महिला की पहचान सधुआ की उषा देवी पति कोको मंडल के रूप में की गयी। जो वार्ड नंबर 14 की निवासी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया गया। इस घटना में टोटो पर सवार मुन्ना कुमार, रतन मंडल, कमली मंडल, मोहन मंडल, ओमप्रकाश और नवीन मंडल घायल हो गए। रतन मंडल और कमली मंडल की स्थिति गंभीर होने के कारण उसे भागलपुर रेफर कर दिया गया। अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छोड़ दिया गया।
रंगरा थानाध्यक्ष आशुतोष कुमार ने बताया कि घटना में पांच-छह लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। जबकि एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घायलों में दो को बेहतर इलाज के लिए भागलपुर मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया गया है। परिजनों ने बताया कि महिला अपने पति को खाना पहुंचाने खेत कोशकीपुर बहियार जा रही थी। जहां पर वह इस दुर्घटना की शिकार हुई। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मृतका के पति कोकन मंडल के बयान पर मामला दर्ज किया गया है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।