Hindi NewsBihar NewsBhagalpur NewsInternational Women s Day Celebration in Bhagalpur Empowering Women for Equality

महिलाओं के प्रयास से जिला व राज्य आगे बढ़ रहा : डीएम

फोटो :: अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर नायिका 2025 कार्यक्रम में महिलाएं हुईं सम्मानित खेल व

Newswrap हिन्दुस्तान, भागलपुरSun, 9 March 2025 05:02 AM
share Share
Follow Us on
महिलाओं के प्रयास से जिला व राज्य आगे बढ़ रहा : डीएम

भागलपुर, वरीय संवाददाता। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर समीक्षा भवन में शनिवार को डीएम डॉ. नवल किशोर चौधरी की अध्यक्षता में नायिका 2025 नामक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन डीएम के अलावा महापौर डॉ. बसुंधरा लाल, नगर आयुक्त डॉ. प्रीति एवं एसडीओ के नवगछिया ऋतु राज प्रताप सिंह ने भी किया। इस अवसर पर डीएम ने तमाम महिलाओं को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की बधाई दी। उन्होंने कहा कि रूस की क्रांति में महिलाओं के योगदान को लेकर सर्वप्रथम ब्लादिमीर लेनिन ने इसकी शुरुआत की थी। इसकी शुरुआत एक जगह से हुई और अब पूरे विश्व में इसे मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उस समय महिलाओं को अधिकार और समानता का अभाव था। जिसके कारण इसकी शुरुआत हुई।

डीएम ने कहा कि बिहार सरकार की सभी योजनाओं में, सभी पदों पर महिलाओं के लिए पद आरक्षित है। जो लगभग 37 प्रतिशत है और महिलाओं की भागीदारी विभिन्न सेवाओं में 45 से 50 प्रतिशत तक है। पंचायती राज संस्थाओं में बिहार सरकार ने 50 प्रतिशत का आरक्षण दिया है। यदि सरजमीं के आंकड़ों का विश्लेषण करें तो 55 से 60 प्रतिशत के बीच महिलाएं ही हैं। उन्होंने कहा कि जब महिलाएं सक्षम होंगी और निर्णय लेंगी तो कई चीजें आगे बढ़ेगी। चाहे परिवार हो, समाज हो, निर्णय लेने का अधिकार ही महत्वपूर्ण है। जब महिलाएं निर्णय लेती हैं तब वे अपने हितों का ध्यान रखती हैं। उन्होंने कहा, कई जगह सिर्फ महिलाएं ही हैं। आंगनबाड़ी, आशा, जीविका दीदी, एएनएम, एएनएम में थोड़ी सी बदलाव की आवश्यकता पड़ी तो पुरुषों को भी रखा गया है। कई महिला पदाधिकारी, कई महिला कार्यपालक सहायक दिन-रात काम में लगी रहती हैं। कार्य का निष्पादन करती रहती हैं। जिससे हमारा जिला और राज्य आगे की ओर बढ़ रहा है। डीएम ने कार्यक्रम में मौजूद पुरुषों को महिलाओं को समानता का दर्जा प्रदान करने, समान अधिकार दिलाने, सम्मान देने एवं दिलाने एवं कहीं भी उनके विरुद्ध असमानता होने पर आवाज उठाने तथा उन्हें सहयोग प्रदान करने की शपथ दिलाई। सबों ने शपथ वाले हस्ताक्षर बोर्ड पर हस्ताक्षर भी किया।

महिलाएं हैं तो समाज व देश है : मेयर

मेयर ने कहा कि महिलाएं हैं तो समाज है और यह देश है। महिलाएं अपनी भागीदारी हर क्षेत्र में बखूबी निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं को सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक रूप से सशक्त बनाने के लिए अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस का आयोजन किया जाता है। उन्होंने इस वर्ष के थीम से अवगत कराते हुए कहा कि हम तेजी से बढ़ रहे हैं ताकि महिला व पुरुष पदाधिकारी का अंतर खत्म हो सके। नगर आयुक्त ने कहा कि महिलाएं कई लड़ाई लड़ कर यहां तक पहुंची हैं। अभी भी जंग जारी है। हमें और प्रयास करना चाहिए ताकि जल्द ही महिलाओं और पुरुषों का अंतर समाप्त हो जाए।

मशरूम किसान समेत दो मुखिया भी हुईं सम्मानित

इस अवसर पर राष्ट्रीय स्तर पर खेल में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली भागलपुर की खिलाड़ी कारनेला, आकांक्षा सिंह, आकांशा कुमारी, चांदनी कुमारी, साक्षी कुमारी, खुशी कुमारी, मानवी कुमारी को एवं कला, अभिनय व शिक्षा के क्षेत्र में पूर्वी राज, निशा कुमारी, मृडानी अदिति स्वर्णया, मोनिका कुमारी, रोशनी कुमारी, अनिता कुमारी, कनिज सारा अली को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह प्रदान कर पुरस्कृत किया गया। मशरूम की खेती में बिहार में अपना स्थान बनाने वाली कहलगांव की वंशीपुर पंचायत के देवरी गांव की शीला कुमारी, भागलपुर की सामाजिक कार्यकर्ता रत्ना गुप्ता, मंजूषा पेंटिंग में बहुमूल्य योगदान देने के लिए उलूपी कुमारी, अंतीचक की मुखिया ललिता देवी, पीरपैंती के राजगांव पंचायत की मुखिया संतोषी मुर्मू को अपने पंचायत में सरकारी योजनाओं को लागू करवाने में शत प्रतिशत उपलब्धि दिलाने के लिए प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर डीएम ने सम्मानित किया। वहीं आंगनबाड़ी केंद्रों में बेहतर काम करने वाली सेविका मीरा कुमारी, गुड़िया कुमारी, सोनम प्रिया, पूनम कुमारी एवं प्रतिमा कुमारी को भी प्रशस्ति पत्र दिया गया। कार्यक्रम में डीपीओ अनुपमा कुमारी, उप निर्वाचन पदाधिकारी श्वेता कुमारी, एडीएम महेश्वर प्रसाद सिंह, कुंदन कुमार, जेडी जनसंपर्क नागेंद्र कुमार गुप्ता, जिला कोषागार पदाधिकारी देवेंद्र कुमार, वरीय उप समाहर्ता मिथिलेश प्रसाद सहित तमाम पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें