विभिन्न प्रकार के मिलेट्स से बीएयू ने बनाया कुकीज व सेवई
कुकीज या सेवई में 100 प्रतिशत मिलेट्स कुकीज में मक्खन का इस्तेमाल किया गया

भागलपुर, वरीय संवाददाता। विभिन्न प्रकार के मिलेट्स से बीएयू में विभिन्न प्रकार के कुकीज जैसे कि ज्वार कुकीज, बाजरा कुकीज, रागी कुकीज व इन मिलेट्स से सेवई का निर्माण किया गया है। इन कुकीज या सेवई में 100 प्रतिशत मिलेट्स पूरी तरह से ग्लूटिनरहित, परिरक्षकमुक्त है। यहां तक इनमें किसी प्रकार का कोई भी परिष्कृत चीनी का इस्तेमाल नहीं किया गया है। बीएयू के कुकीज के निर्माण में मक्खन का इस्तेमाल किया गया है, जो पोषक तत्व से इसे भरपूर बनाता है। यहां तक कुरकुरापन, स्वाद और पोषक तत्वों से भरपूर बनाने के लिए कुकीज के ऊपरी सतह पर विभिन्न प्रकार के अनाजों से बने फ्लेक्स का प्रयोग किया जा रहा है।
मिलेट्स बने कुकीज व सेवई में आहार फाइबर, प्रोटीन व एंटी ऑक्सीडेंट
बीएयू में मिलेट्स से बने कुकीज व सेवइयों की जब प्रयोगशाला में जांच की गई तो पाया गया कि इसमें अधिक मात्रा में आहार फाइबर, प्रोटीन एवं एंटी ऑक्सीडेंट है। इस तरह के पौष्टिक पदार्थों की अधिकता से पाचन में सुधार, बीपी नियंत्रित, हृदय स्वस्थ, व इम्युनिटी को बढ़ाने में सहायता मिलती है। विश्वविद्यालय द्वारा निर्मित ये कुकीज व सेवई अन्य कुकीज व सेवई की तुलना में एक स्वास्थ्यवर्धक विकल्प है। मिलेट कुकीज स्वादिष्ट होने के साथ-साथ सेहत के लिए फायदेमंद भी है। ये एक स्नैक का स्वास्थ्यवर्धक विकल्प है।
बीएयू सबौर के कुलपति प्रो. डीआर सिंह का मानना है कि ये कदम मिलेट्स वर्ष को सफल बनाने व मिलेट्स के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाने में मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय के खाद्य विज्ञान व फसलोत्तर प्रोद्योगिक विभाग में मिलेट्स यानी मोटे अनाज पर हो रहे शोध और उत्पाद विकास को लेकर एक नई दिशा दिख रही है। विश्वविद्यालय के वैज्ञानिक कुमार संदीप, प्रेम प्रकाश, अनित कुमार, कंचन कुमारी और डॉ. एमए आफताब ने मिलेट्स के विभिन्न उत्पादों पर हो रहे शोध कार्यों में नेतृत्व किया। इन वैज्ञानिकों ने कहा कि वे स्वस्थ और पोषक तत्वों से भरपूर मिलेट्स निर्मित उत्पादों के विकास पर काम कर रहे हैं। ये टीम इन दिनों मिलेट्स से स्नैक्स, आटा, एनर्जी बार्स, दलिया व इंस्टेट खाद्य पदार्थों को विकसित करने की दिशा में काम कर रही है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।