अत्याधुनिक तकनीक से जारी है मॉनिटरिंग : एसपी
जमुई में जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा और पुलिस अधीक्षक मदन कुमार आनंद की अगुवाई में फ्लैग मार्च किया गया। इस मार्च का उद्देश्य चैती नवरात्रा और रामनवमी के त्योहारों को शांति से मनाने का संदेश देना था।...

जमुई। जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा और पुलिस अधीक्षक मदन कुमार आनंद के कुशल नेतृत्व में पदाधिकारियों और जवानों ने जमुई शहर में चैती नवरात्रा और रामनवमी को देखते हुए फ्लैग मार्च किया। ओहदेदार द्वय ने दोनों त्यौहार को लेकर शहर में अमन चैन का माहौल कायम रखने के लिए पदाधिकारियों और जवानों की टोली के साथ नगर थाना क्षेत्र के विभिन्न बाजारों , मोहल्लों एवं चौक-चौराहा पर दस्तक दी। साथ ही लोगों को प्रशासन की सजगता का संदेश दिया। फ्लैग मार्च के जरिए भीड़-भाड़ वाले जगहों पर पुलिस ने प्रशासनिक चौकसी एवं सक्रियता को दर्शाया। इस दरम्यान पुलिस की गाड़ी सायरन बजाते हुए लोगों को अपनी उपस्थिति का आभास कराया। डीएम ने अमन के माहौल में चैती नवरात्रा और रामनवमी पर्व को मनाए जाने की अपील की। उन्होंने कहा कि परंपरागत एवं वैदिक रीति-रिवाज के अनुकूल पर्व मनाएं और भाईचारा बनाए रखें। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह की अफवाह फैलाने वालों या माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। सोशल मीडिया पर भ्रामक पोस्ट करने वालों को बक्सा नहीं जाएगा। सभी मजिस्ट्रेट और पुलिस अधिकारियों को अफवाह और सोशल मीडिया पर नजर रखने को कहा गया है।
पुलिस अधीक्षक मदन कुमार आनंद ने कहा कि बदमाशों पर खास नजर रखी जा रही है। किसी भी सूरत पर कानून का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रमुख पूजा स्थलों , बाजारों , भीड़-भाड़ वाले इलाकों एवं चिन्हित संवेदनशील स्थानों पर पुलिस पदाधिकारियों और जवानों की तैनाती की गई है। उन्होंने शहर के विभिन्न स्थानों पर सीसीटीवी के साथ अत्याधुनिक तकनीक से मॉनिटरिंग किए जाने कि बात कही। सोशल मीडिया पर भी दृष्टि रखी जा रही है। संपूर्ण जिला में विधि-व्यवस्था कायम रखने के लिए यथोचित संख्या में जवानों को तैनात किया गया है । सभी थाना को सघन गश्ती करने को कहा गया है। उन्होंने कहा कि जिला नियंत्रण कक्ष लगातार 24 घंटे कार्यरत है। एसपी ने त्यौहार को नियम संगत ढंग से मनाए जाने का संदेश दिया। उन्होंने बेहतर प्रशासन के लिए यथोचित सहयोग की अपील की।
डीडीसी सुभाष चंद्र मंडल , एसडीएम अभय कुमार तिवारी , उत्पाद अधीक्षक सुभाष कुमार , एसडीपीओ सतीश सुमन , डीएसपी मुख्यालय मो. आफताब अहमद , प्रखंड विकास पदाधिकारी अभिनव मिश्रा , अंचलाधिकारी ललिता कुमारी नगर थानाध्यक्ष अमरेंद्र कुमार समेत कई प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने फ्लैग मार्च में हिस्सा लिया और लोगों को खुशी के माहौल में पर्व मनाने का संदेश दिया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।