रोज सात हजार से ज्यादा महिलाएं ले रही हैं महिला संवाद में भाग
फोटो 30 महिला संवाद में अनुभव कर रहीं साझा, सुझाव दे रही हैं 1820 ग्राम

भागलपुर, वरीय संवाददाता। जिले के विभिन्न प्रखंडों में प्रत्येक दिन आयोजित 30 महिला संवाद कार्यक्रम में तकरीबन सात हजार से ज्यादा महिलाएं हिस्सा ले रही हैं। महिला संवाद में वे न केवल अपने अनुभवों को साझा कर रही हैं, बल्कि अपने गांव के विकास और राज्य की नीतियों के बारे में भी अपना सुझाव दे रही हैं। महिला संवाद में हिस्सा लेने वाली रूबी देवी कहती है कि उन्होंने कभी सोचा नहीं था कि सरकार राज्य के विकास के बारे में महिलाओं से उनके मंतव्य जानना चाहेगी। रूबी देवी गौरव जीविका महिला ग्राम संगठन, बिहपुर की सदस्य हैं। वह कहती हैं सरकार की योजनाओं की बदौलत वह स्वावलंबन की राह पर अग्रसर हैं। वह कहती हैं कि बिहपुर में सहित भागलपुर जिले में विकास की गंगा बहे, इसके लिए उन्होंने अपनी आकांक्षाओं को दर्ज कराया है। उम्मीद है सरकार हम महिलाओं की आकांक्षाओं पर गौर करते हुए हमारे विकास के लिए और नई योजनाओं की घोषणा करेगी।
भागलपुर में सभी 16 प्रखंडों में जीविका द्वारा गठित कुल 1820 ग्राम संगठन स्तर पर महिला संवाद का आयोजन किया जाना है। 18 अप्रैल से शुरू हुए महिला संवाद कार्यक्रम में अब तक विभिन्न प्रखंडों की कुल 105 ग्राम संगठनों में महिला संवाद का आयोजन संपन्न हो चुका है। इस महिला संवाद कार्यक्रम में अब तक 24 हजार से ज्यादा महिलाओं ने हिस्सा लेकर विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया है। महिलाओं से प्राप्त होने वाले मंतव्यों को मोबाइल एप के माध्यम से संधारित किया जा रहा है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।