केंद्रीय कृषि मंत्री ने प्रदर्शनी स्थल का किया निरीक्षण
संबंधितों से उत्पाद के बारे में ली जानकारी आज पीएम प्रदर्शनी का भ्रमण कर सकते

भागलपुर, वरीय संवाददाता। केंद्रीय कृषि एवं मंत्री किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान रविवार शाम दरभंगा से हेलीकॉप्टर से सैंडिस मैदान उतरे। उनके साथ राज्य के उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी थे। ये दोनों दरभंगा में मखाना बोर्ड की स्थापना की हो रही तैयारी को देखने गए थे और वहां कीचड़ में उतरकर मखाना की लत्ती लगाई। भागलपुर में उतरने के बाद विभागीय पदाधिकारियों से कार्यक्रम की जानकारी ली और राज्य सरकार के मंत्रियों से मुलाकात की। मंत्री रविवार देर शाम कार से हवाई अड्डा मैदान पहुंचे। प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के सभास्थल पर बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर के लगाए चार प्रदर्शनी स्टॉल को भी देखा। यहां पान अनुसंधान केंद्र इस्लामपुर द्वारा पान और अन्य औषधीय पौधों पर किये गए शोध के बारे में जानकारी दी गई है। वहीं बीपीएसएसी पूर्णिया द्वारा मखाना पर किये गए शोध और विकसित किये गए किस्म सबौर मखाना एक को प्रदर्शित किया गया। दो अन्य स्टॉल पर विश्वविद्यालय द्वारा विकसित किये गए उन्नत प्रभेदों, उन्नत तकनिकों के अलावा टिशू कल्चर केला, ड्रैगन फ़्रूट, स्ट्राबेरी, अनानास, मोटा अनाज, हाईड्रोपोनिक्स तकनीक से चारा उत्पादन और विश्वविद्यालय द्वारा हासिल किये गए जीआई टैग को प्रदर्शित किया गया।
बीएयू ने कृषि क्षेत्र में मिली उपलब्धियों को बताया
केंद्रीय कृषि मंत्री के साथ उपमुख्यमंत्री, बिहार के कृषि मंत्री मंगल पांडे, कृषि सचिव संजय अग्रवाल आदि ने भी विभिन्न स्टॉल का भ्रमण किया। कुलपति डॉ. डीआर सिंह ने मंत्रियों को प्रदर्शनी के बारे में जानकारी दी और विश्वविद्यालय द्वारा कृषि क्षेत्र में हासिल की गई उपलब्धियों से अवगत कराया। कुलपति ने सबौर की धरती से विकसित विश्व के पहले आम की हाईब्रीड किस्मों से अवगत कराया। साथ ही विश्वविद्यालय द्वारा राज्य के किसानों के हित में विभिन्न उत्पादों के लिए हासिल की गयी जीआई टैग के बारे में भी बताया गया। कुलपति ने मखाना उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए किये जा रहे कार्यों एवं विश्वविद्यालय द्वारा मखाना के मेडिकल कंपाउंड पर की गयी खोज के बारे में भी अवगत कराया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।