पूर्णिया: खेत में मक्का छील रही बहू को ससुर ने दबिया से काटा, घटनास्थल पर मौत
भवानीपुर के अकबरपुर थानाक्षेत्र में एक ससुर ने अपनी बहू कृष्णा देवी की दबिया से हत्या कर दी। महिला खेत में मक्का छील रही थी, तभी उसके ससुर ने पीछे से हमला किया। मजदूरों ने बचाने की कोशिश की, लेकिन वह...

भवानीपुर, एक संवाददाता। भवानीपुर प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत अकबरपुर थानाक्षेत्र के सुरैती पंचायत के भिठ्ठा गांव में एक ससुर ने अपनी बहू की दबिया से काटकर निर्मम हत्या कर दी। मृतक महिला मनोज साह की 45 वर्षीय पत्नी कृष्णा देवी थी। वह रविवार को अपने खेत में मक्का छील रही थी। इसी दौरान ही उसके ससुर जगन्नाथ साह पीछे से आकर उसके सिर पर तेज धारदार दबिया से लगातार प्रहार कर उसकी हत्या कर दी।
दबिया से हमला करते देखकर खेत मे काम कर रहे अन्य मजदूर उसे बचाने का प्रयास भी किया। इस पर जगन्नाथ साह मजदूरों के ऊपर भी हमला करने के लिए दौड़ पड़ा जिससे सभी मजदूर अपनी जान बचाकर वहां से भाग निकले। बहू की हत्या करने के बाद जगन्नाथ साह मौके से भाग निकला। हत्या के पीछे की वजह की जानकारी नहीं मिल सकी है। घटना की जानकारी पाकर पुलिस पहुंची और मामले की जांच में जुट गई। महिला के शव को पोस्टमार्टम में भेज दिया गया। जिला मुख्यालय से फॉरेंसिक टीम और श्वान दस्ता को भ्ज्ञी घटनास्थल पर बुलाया गया और साक्ष्य जुटाने का काम किया गया। घटना की जानकारी पर मृतका की मां अमरीका देवी, बहन अंजू कुमारी और उसके पिता अकबरपुर थाना पहुंचे और जमीन विवाद में हत्या करने की बात बतायी। वहीं मृतका के पति, पुत्र एवं पुत्री ने मृतका के बार-बार घर से भाग जाने पर जगन्नाथ साह की नाराजगी की बात पुलिस अधिकारी को बतायी। पूर्व मंत्री सह राजद प्रदेश उपाध्यक्ष बीमा भारती, जिप सदस्य रानी भारती सहित दर्जनों लोग मृतक महिला के घर पहुंचकर परिजनों को सांत्वना दिया। अकबरपुर थानाध्यक्ष अनुज कुमार राज ने बताया कि मृतक महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि अभी तक किसी के द्वारा कोई आवेदन नहीं दिया गया है। उन्होंने बताया कि बहुत जल्द हत्यारे को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।