24 घंटे में ही बदला निगम कर्मियों का तबादला आदेश
निगम प्रशासन ने गुरुवार को शाखा प्रभारियों का विभाग बदला था, शुक्रवार को भी बदलाव

भागलपुर, वरीय संवाददाता 24 घंटे पूर्व गुरुवार को जारी अपने ही आदेश को नगर निगम प्रशासन ने शुक्रवार को बदल दिया। दरअसल, गुरुवार को निगम प्रशासन ने कर्मचारियों की शाखा में बदलाव किया था। इसके अनुसार वरीय सहायक विकास कुमार को स्वास्थ्य शाखा से हटाकर नक्शा शाखा का प्रभारी बनाया गया था। उनके पास पहले से सफाई स्थापना का प्रभार था। रोशनी निरीक्षक अजय शर्मा को नमामि गंगे व दुकान किराया प्रभारी से हटाकर स्वास्थ्य शाखा के साथ होर्डिंग का प्रभारी बनाया गया। उनके पास विधि शाखा का प्रभार पहले से था। इस आदेश के 24 घंटे भी नहीं बीते थे कि शुक्रवार को निगम प्रशासन ने दूसरा नोटिफिकेशन जारी अपने पूर्व के आदेश को एक बार फिर बदल दिया। इसके अनुसार अब वरीय सहायक विकास हरि के पास से नक्शा शाखा की जिम्मेदारी वापस लेकर अवैध निर्माण का प्रभारी बनाया गया। रोशनी निरीक्षक अजय शर्मा को नक्शा प्रभारी की अतिरिक्त जिम्मेदारी दी गई। इसको लेकर निगम कर्मियों के बीच दिनभर चर्चा होती रही।
जयप्रकाश अतिक्रमण तो वशिष्ठ को बनाया जलकल शाखा प्रभारी
नगर निगम के सहायक जयप्रकाश यादव को जलकल शाखा प्रभारी से हटाकर अतिक्रमण शाखा का प्रभारी बनाया गया। जबकि प्लास्टिक बैन, मोबाइल टावर, सामाजिक सुरक्षा कोषांग व रोशनी शाखा का भी जिम्मा सौंपा गया है। इधर, निगम के सहायक वशिष्ठ नारायण चौधरी को अतिक्रमण, मोबाइल टावर, प्लास्टिक बैन व अभिलेखागार प्रभारी से हटाकर जलकल शाखा व अभिलेखागार का प्रभारी बनाया गया है।
प्रदीप को जन्म-मृत्यु शाखा प्रभारी का अतिरिक्त जिम्मा
अनुज्ञप्ति निरीक्षक प्रदीप झा को पूर्व से ही आइटी सेल का प्रभार है। उन्हें रोशनी शाखा से हटाकर जन्म-मृत्यु शाखा का अतिरिक्त प्रभारी बनाया गया है। अनुसेवक रूपेश कुमार सिंह को जन्म-मृत्यु शाखा से हटाकर योजना शाखा में ट्रांसफर किया गया है। इसी तरह अनुसेवक विनय यादव को योजना शाखा से हटाकर जन्म-मृत्यु शाखा में भेजा गया है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।