जलनिकासी की अच्छी व्यवस्था नहीं होने से जलजमाव
भभुआ के वार्ड 11 और 12 में जलजमाव के कारण मकान की नींव कमजोर हो रही है। गंदे पानी की निकासी की व्यवस्था न होने से स्थानीय लोगों को दुर्गंध और स्वास्थ्य समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। नगर परिषद...

जलजमाव के कारण कमजोर होने लगी है मकान की नींव और दीवार गंदा पानी जमा होने से उग आई है जलकुंभी व घास, दुर्गंध से परेशानी (बोले भभुआ) भभुआ, एक प्रतिनिधि। नगर परिषद कार्यालय भवन के पीछे के इलाका में जलनिकासी की अच्छी व्यवस्था नहीं है। यहां के लोगों के बीच पेयजल की भी यहां समस्या बनी हुई है। यह इलाका वार्ड 11 व 12 में पड़ता है। यह दोनों समस्याएं यहां के लोगों को साल रही हैं। वार्ड 11 की आधी आबादी के घरों से निकलने वाले गंदे पानी की निकासी की अच्छी व्यवस्था नहीं की गई है। ऐसे में गंदा पानी इस मुहल्ले की खाली पड़ी जमीन में जमा हो रहा है। स्थानीय लोगों ने बताया कि ज्यादा दिनों तक गंदा पानी जमा रहने से उसमें से दुर्गंध आती है। इससे न सिर्फ स्थानीय लोगों बल्कि इस मुहल्ले की गली से गुजरने वाले राहगीरों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आरती देवी व सुषमा देवी ने बताया कि घर में रहने और भोजन करने के वक्त दुर्गंध काफी परेशान करती है। कोई रिश्तेदार आ जाते हैं तो ज्यादा दिक्कत होती है। उन्हें छत पर ले जाकर भोजन कराना पड़ता है। लेकिन, हमलोगों के परेशानी से सभी बेफिक्र बने हैं। जिस स्थल पर पानी जमा हो रहा है, उसके आसपास के मकान की नींव और दीवार कमजोर हो रही है। उसके प्लास्टर झड़ रहे हैं। दीवार में सीढ़ लग रहे हैं। पानी में लंबी घास व जलकुंभी उग आई हैं। पानी का रंग भी हरा व काला हो गया है। पानी के उपर व आसपास में कीड़े रेंग रहे हैं। मोहल्ले के मुकेश कुमार व संजय कुमार सिंह ने अपने घर की दीवार को दिखाते हुए कहा है कि सीलन के कारण सीमेंट झड़ रहा है। पहली मंजिल का दरवाजा खोलने पर सड़ांध बदबू आती है। यहां रहना मुश्किल हो गया है। उनकी समस्या से नगर परिषद बेफिक्र बनी है। जबकि यह कार्यालय मुहल्ले से चंद मीटर की दूरी पर है। जनप्रतिनिधि भी जलनिकासी की बेहतर व्यवस्था नहीं कर पा रहे हैं। मुख्य नाले से नहीं जोड़ी गईं नालियां बबलू कुमार सिंह व संतोष कुमार पांडेय ने बताया कि इस मोहल्ले के घरों से निकलने वाले गंदे पानी की निकासी के लिए नगर परिषद ने नाली का निर्माण कराया है। लेकिन, इस नाली को मुख्य नाले से नहीं जोड़ा गया है। इस कारण इस नाली में गिरनेवाला पानी खाली जमीन में जाकर जमा हो रहा है। बरसात के दिनों में तो स्थिति यह होती है कि सभी गलियों में गंदा पानी फैल जाता है, जिससे लोगों को अपने घर पहुंचने या घर से बाहर जाने में दिक्कत होती है। सबसे ज्यादा परेशानी बच्चों को स्कूल व आंगनबाड़ी केंद्र में जाने में परेशानी होती है। बच्चों को गोद में लेकर सड़क पर पहंुचाना पड़ता है। बरसात में हमलोग बार-बार घर से बाहर नहीं निकलते हैं। घर में जिन चीजों की आवश्यकता होती है, उसकी सूची बनाकर बाजार से लाकर रख देते हैं। फोटो- 21 फरवरी भभुआ- 1 कैप्शन- भभुआ शहर के नगपालिका कार्यालय के पीछे खाली भू-भाग में शुक्रवार को जमा दिखता घरों से निकलनेवाला गंदा पानी व घास। लोगों की बात 1. नगर परिषद कार्यालय से चंद दूरी पर यह मुहल्ला है। इसके बावजूद नगर परिषद प्रशासन द्वारा जलनिकासी का समुचित प्रबंध नहीं किया गया है। जबकि यहां अधिकारी व जनप्रतिनिधि रोजाना आते हैं। वीरेंद्र कुमार सिंह, भभुआ 2. मोहल्ले के घरों से निकलने वाले गंदे पानी की निकासी के लिए नाली का निर्माण कराया गया है। लेकिन, नाली को मुख्य नाले से नहीं जोड़ा गया है। नाली का पानी खाली पड़ी जमीन में जमा हो रहा है। अमृतांशु दुबे, भभुआ 3. खाली पड़ी जमीन में लंबे समय से जलजमाव होने से काफी दुर्गंध आ रही है, जिससे आसपास के लोगों को घरों में रहना मुश्किल हो गया है। खिड़की-दरवाजा बंद करके अपने घरों में रहना पड़ता है। मुकेश कुमार पांडेय, भभुआ 4. नगर परिषद के कई अधिकारी एवं कर्मी इस वार्ड में या तो अपना मकान बनाकर या फिर किराए के मकान में रहते हैं। इसके बावजूद इस वार्ड की समस्या पूर्व की तरह ही बनी हुई है। समाधान नहीं हो रहा है। पंकज तिवारी, भभुआ 5. वार्ड की समस्या को लेकर नगर परिषद कार्यालय में कई बार आवेदन दिया गया। मिलकर मौखिक रूप से अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों से आग्रह किया गया। फिर भी पानी की निकासी का प्रबंध नहीं हो रहा है। मधुबन चौबे, भभुआ 6. इस वार्ड में नगर परिषद कार्यालय, शिव मंदिर, खादी भंडार, शिशुपाल कटरा की ओर से गंदा पानी आकर जमा हो रहा है। नगर परिषद दूसरे इलाके के भी जलनिकासी का प्रबंध नहीं कर पा रही है। अशोक कुमार चौबे, भभुआ 7. कई वर्षों से हमलोग जलजमाव की समस्या झेल रहे हैं। पानी जमा होने से मकान की नींव व दीवारें कमजोर हो गई हैं। घर की दीवार में सीलन हो रहा है। सीमेंट झड़ रहा है। हादसे की आशंका बनी रहती है। यशवंत सिंह, भभुआ। 8. नगर परिषद परिसर में कई राजनीतिक, सांगठनिक, मनोरंजन के कार्यक्रम होते हैं। बड़े-बड़े नेताओं एवं अधिकारियों का आना-जाना होता है। इसके बावजूद भी पास का मोहल्ला पूरी तरह से बदहाल है। हरिओम पांडेय, भभुआ
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।