पानी की सुविधा के अभाव में अनुपयोगी बना सार्वजनिक शौचालय
रामपुर प्रखंड कार्यालय परिसर में तीन साल पहले बने सार्वजनिक शौचालय में पानी की सुविधा नहीं होने के कारण यह अनुपयोगी हो गया है। महिलाओं को शौचालय की आवश्यकता होने पर परेशानी का सामना करना पड़ता है।...

रामपुर प्रखंड कार्यालय परिसर में तीन साल पहले पीएचईडी ने कराया था निर्माण महिलाओं व युवतियों को होती है ज्यादा दिक्कत, चार में दो शौचालय महिला के लिए (बोले भभुआ) रामपुर, एक संवाददाता। प्रखंड कार्यालय परिसर में का सार्वजनिक शौचालय अनुपयोगी बनकर रह गया है। क्योंकि इसमें पानी की सुविधा नहीं है। तीन साल पहले बनकर तैयार इस शौचालय को आज तक हैंडओवर नहीं किया गया। लोक स्वास्थ्य प्रमंडल द्वारा लोहिया स्वच्छता अभियान के तहत इसका निर्माण कराया गया था। लेकिन, निर्माण होने के बाद से इस शौचालय में ताला लटक रहा है। प्रखंड कार्यालय पर शनिवार को आए सोनवर्षा के बबलु शुक्ला, हुड़री के हरिनारायण सिंह, खजुरा के संजय बिंद, निरबिसपुर के साहेबदयाल राम ने बताया कि देख लीजिए इसके बंद रहने से न तो इसका उपयोग हो रहा है और न इसकी देखरेख। इसकी दीवार का सीमेंट झड़ रहा है। पेड़ से टूटकर गिरी पत्तियां शौचालय परिसर में जमा हो रही हैं। अगर कोई अधजली बीड़-सिगरेट फेंक दे तो आग लग सकती है, जिससे उसके फर्नीचर को क्षति पहुंच सकती है। महिलाओं राधिका देवी, अनसूइया देवी व नागेश्वरी देवी ने बताया कि इस सार्वजनिक शौचालय को आमजनों के लिए खोलवाया जाना जरूरी है। महिलाएं विभिन्न काम के लिए यहां आती हैं। जब उन्हें इसकी जरूरत महसूस होती है, तो उन्हें परेशानी झेलनी पड़ती है। इस मुख्यालय में जनप्रतिनिधि भी आते हैं। अफसरों का रोजाना आना-जाना होता है। उनकी भी नजर इस समस्या की ओर नहीं जा रही है। इस परिसर में पिंक शौचालय या यूरिनल नहीं है, जिसका वह उपयोग कर सकें। सरकार ने लाखों रुपए खर्च कर इसका निर्माण करवाया है। लेकिन, चंद रुपए खर्च कर इसे उपयोगी नहीं बनवाया जा रहा है। दो महिलाओं व दो पुरुषों के लिए शौचालय का निर्माण कराया गया है। महिलाओं ने शौचालय में पानी का प्रबंध कराकर इसे चालू कराने की दिशा में पहल करने की मांग जनप्रतिनिधियों से की है। फोटो- 26 अप्रैल भभुआ- 2 कैप्शन- रामपुर के प्रखंड कार्यालय परिसर का अनुपयोगी बना महिला-पुरुषों के लिए निर्मित सार्वजनिक शौचालय के पास शुक्रवार को खड़े लोग।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।