बाजितपुर में आग लगने से पांच घर जले
छौड़ाही के बाजितपुर गांव में मंगलवार को अचानक आग लग गई, जिससे सुरेश ठाकुर, अर्जुन ठाकुर, विनोद ठाकुर, मुकेश ठाकुर और पंकज ठाकुर के घरों में रखी सामग्री जलकर नष्ट हो गई। ग्रामीणों ने आग बुझाने का प्रयास...

छौड़ाही। अंचल क्षेत्र की सहुरी पंचायत अंतर्गत बाजितपुर गांव में मंगलवार की दोपहर राम मोहल्ले के पीछे स्थित बस्ती में अचानक आग लग गई। इस घटना में सुरेश ठाकुर, अर्जुन ठाकुर, विनोद ठाकुर, मुकेश ठाकुर व पंकज ठाकुर के घर में रखे अनाज, बिस्तर, कपड़े, जलावन आदि को मिलाकर लगभग एक लाख रुपए मूल्य की सामग्री आग की भेंट चढ़ गई। आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। बताया जा रहा है कि आग की लपट सर्वप्रथम बांसबाड़ी से उठते देख ग्रामीण आग पर काबू में जुटे लेकिन तेज पछुआ हवा ने आसपास के घरों को चपेट में ले लिया। इसके बाद ग्रामीणों ने अग्निशमन विभाग को सूचित कर पंपसेट के माध्यम से खुद आग बुझाने के प्रयास में जुट गए। इधर, अग्निशमन विभाग के वाहन के पहुंचने से पूर्व ग्रामीणों ने आग पर काबू पा लिया। अग्निशमन वाहन के समय से नहीं पहुंचने पर लोगों में आक्रोश देखा गया। वहीं, पीड़ितों ने अंचल प्रशासन से मुआवजे की गुहार लगाई है। (एसं)
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।