पीरनगर गांव में भूमि विवाद पर चली आधे दर्जन गोलियां
छौड़ाही थाना क्षेत्र के पीरनगर गांव में शनिवार की शाम असामाजिक तत्वों ने कई राउंड हवाई फायरिंग की। यह घटना भूमि विवाद के चलते हुई, जिसमें पहले पैसे के लेन-देन का विवाद बताया गया था। पुलिस मौके पर...

छौड़ाही, निज संवाददाता। छौड़ाही थाना क्षेत्र की अमारी पंचायत अंतर्गत पीरनगर गांव में असमाजिक तत्वों द्वारा शनिवार की शाम कई राउंड हवाई फायरिंग किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। फायरिंग तकरीबन साढ़े 8 बजे रात के आसपास की बताई जा रही है। मिली जानकारी के अनुसार पहले तो रूपए लेन-देन के विवाद में हवाई फायरिंग की बात सामने आई लेकिन बाद में भूमि विवाद का मामला सामने निकलकर आया। ग्रामीण सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पीरनगर ठाकुरबाड़ी के समीप भूमि पर घर बनाने के लिए पीलर का निर्माण कराया जा रहा था। इसी क्रम में पीलर निर्माण से पड़ोस के द्वितीय पक्ष ने आपत्ति दर्ज कराई।
बताया जाता है कि इसी विरोध में दहशत फैलाने के लिए प्रथम पक्ष की ओर से करीब 4 से 5 राउंड हवाई फायरिंग की गई। इस क्रम में गश्ती जांच में जिले से प्रतिनियुक्त पुलिस अधिकारी ओमप्रकाश कुमार छौड़ाही में दाखिल हो रहे थे। तभी रास्ते से गुजर रहे मुसाफिरों ने पुलिस वाहन को देखकर उन्हें ताबड़तोड़ हो रहे फायरिंग की सूचना दी। फायरिंग की सूचना मिलते ही उन्होंने स्थानीय थानाध्यक्ष का लोकेशन पूछा और तुरंत घटनास्थल पर पहुंचने की बात कही। स्थानीय थाना पुलिस सूचना पाकर मौके पर पहुंची लेकिन फायरिंग करने वाला शख्स वक्त की नजाकत को देखते हुए वहां से फरार हो गया। घटना के बाद पुलिस ने स्थानीय लोगों से पूछताछ कर वहां से लौट गई। इधर, फायरिंग की घटना से किसी प्रकार के अप्रिय घटना की सूचना नहीं है किंतु स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल देखा जा रहा है। इधर इस संबंध में जानकारी देते हुए थानाध्यक्ष राजेश कुमार ठाकुर ने बताया कि फायरिंग की सूचना पर जांच-पड़ताल की गई है। स्थानीय लोग कुछ भी बताने से परहेज कर रहे हैं। लिखित शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।