पटना में बेगूसराय के छात्र ने किया सुसाइड, दो दिनों तक कमरे से बाहर नहीं निकला
पटना में रहकर पढ़ाई कर रहे बेगूसराय के एक छात्र ने सुसाइड कर लिया। उसका शव किराये के कमरे से फांसी के फंदे पर लटका पाया गया। दो दिनों से वह कमरे से बाहर नहीं निकला था।

बिहार की राजधानी पटना में एक छात्र ने गुरुवार को फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। मृतक की पहचान देव कुमार (25) के रूप में हुई है। वह मूलरूप से बेगूसराय का रहने वाला था और पटना में रहकर पढ़ाई कर रहा था। बीते दो दिनों से वह अपने कमरे से बाहर नहीं निकला। पीहरबहोर थाना क्षेत्र स्थित एक मकान के कमरे से गुरुवार को उसका शव बरामद किया गया। मौके से कोई सुसाइड नोट भी नहीं मिला है।
जानकारी के अनुसार छात्र देव कुमार पटना में अशोक राजपथ के गांधी चौक स्थित किराये के कमर में रह रहा था। बुधवार से ही वह कमरे से बाहर नहीं निकला था। कमरे से दुर्गंध आने पर गुरुवार शाम को लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
इसके बाद पीरबहोर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पाया कि दरवाजा अंदर से बंद है। पुलिसकर्मियों ने जब दरवाजा तोड़ा तो छात्र का शव फंदे से लटका हुआ पाया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टरमार्टम के लिए भेज दिया।
पीरबहोर थानेदार ने बताया कि घटना की सूचना छात्र के परिजन को दे दी गई। पुलिस मौत के कारण के बारे में जानकारी जुटा रही है। प्रथमदृष्ट्या आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है।