टोटो दुर्घटना में जख्मी सुदाम की इलाज के दौरान मायागंज अस्पताल में मौत
रजौन : सड़क हादसे में मौत की शिकार सुदाम देवी का शव गांव पहुंचते मचा कोहराम। रजौन : सड़क हादसे में मौत की शिकार सुदाम देवी का शव गांव पहुंचते मचा कोहर
रजौन(बांका), निज संवाददाता। थाना क्षेत्र के नियामतपुर के समीप एक अनियंत्रित यात्री बस की टोटो से हुई टक्कर से टोटो पर सवार सुदाम देवी नामक महिला की मौत के बाद परिजनों के बीच मातम का माहौल है। भागलपुर के मायागंज अस्पताल से पोस्टमार्टम के बाद रविवार को शव रजौन के सांझा गांव पहुंचते ही मार्मिक चित्कार से पूरा गांव दहल गया। मृतका के देवर उपेंद्र ठाकुर ने बताया कि मायागंज अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी भाभी की मौत हो गई। सुदाम देवी मेहनत-मजदूरी कर अपने और अपने पति सहित परिजनों का भरण-पोषण करती थी। मृतका का विवाहित बड़ा पुत्र राजीव कुमार ठाकुर प्रदेश में रहकर मजदूरी करता है, जबकि चिता पुत्र संतोष कुमार ठाकुर थोड़ा मानसिक रूप से कमजोर रहने के कारण पूरी तरह अपने माता-पिता पर ही आश्रित था। पति योगेंद्र ठाकुर भी एक तरह से अपनी पत्नी के ऊपर ही आश्रित थे। सुदाम देवी की मौत ने परिजनों को हिला कर रख दिया है। सुदाम देवी की दो पुत्रियों संगीता देवी, चंदा देवी की शादी हो गई है। घटना की खबर के बाद दोनों पुत्रियों के यहां पहुंचते ही माहौल और भी गमगीन हो गया। छोटा पुत्र पूरी तरह अपनी मां सुदाम पर आश्रित था। अब उसकी जिंदगी कैसे चलेगी ? यह एक बड़ा सवाल फिलहाल निरुत्तर बना है। छोटे पुत्र की भी शादी हुई थी, लेकिन मानसिक रूप से कमजोर पति को वह छोड़कर चली गई। इसके बाद वह अपनी मां के सहारे ही जिंदगी गुजार रहा था। इधर मृतका के पति योगेंद्र ठाकुर भी अपनी पत्नी के शव से लिपटकर दहाड़ मारकर रो रहे थे। अत्यंत गरीब मजदूर परिवार के लिए सुदाम देवी भी रोजी-रोटी के लिए अपने परिवार की मजबूत स्तंभ थी। गांव व आस-पास के इलाकों में फसल कटनी, रोपनी सहित अन्य मजदूरी कार्य कर परिवार के लिए सहारा थी, लेकिन सड़क हादसे में वह दुनिया छोड़कर चली गई। इधर इस घटना में अन्य जख्मियों का भी इलाज चल रहा है। सांझा-श्यामपुर के मुखिया परशुराम मंडल ने तत्काल परिजन को तीन हजार रुपया आर्थिक मदद दी है। मुखिया ने बताया कि विशेष कबीर अंत्येष्टि योजना का लाभ भी दी जाएगी। इधर परिजनों ने सरकार सहित प्रशासन से सहायतार्थ राशि दिलाने की मांग की है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।