1 करोड़ 68 लाख की लागत से होगा फारम बांध का सौंदर्यीकरण
बोले बांका असरबोले बांका असर कटोरिया नगर पंचायत क्षेत्र के फारम बांध में बनेगा पार्क, टेंडर प्रक्रिया शुरू कटोरिया (बांका), निज प्रतिनिधि। क

कटोरिया (बांका), निज प्रतिनिधि। कटोरिया नगर पंचायत के वार्ड संख्या 4 स्थित फारम बांध (बड़का बांध) का अब कायाकल्प होने जा रहा है। नगर पंचायत क्षेत्र के इस प्रमुख बांध के सौंदर्यीकरण को लेकर प्रशासनिक प्रकिया शुरू हो चुकी है। मालूम हो कि गत 6 मार्च को हिन्दुस्तान अखबार ने बोले बांका पेज पर कटोरिया में पार्क के अभाव में सड़कों व रेलवे प्लेटफॉर्म पर टहलते हैं लोग शीर्षक से खबर प्रकाशित किया था। जिसपर प्रशासन ने संज्ञान लिया तथा अब कटोरिया के फारम बांध में पार्क बनाने की प्रकिया शुरू हो चुकी है। इसके लिए 1 करोड़ 68 लाख 39 हजार 100 रुपये की प्राक्कलित राशि स्वीकृत की गई है। जानकारी के अनुसार सौंदर्यीकरण के तहत बांध क्षेत्र में एक सुंदर और आधुनिक सुविधाओं से युक्त पार्क का निर्माण कराया जाएगा, जिससे यह स्थल शहरवासियों के लिए न केवल मनोरंजन का केंद्र बनेगा, बल्कि पर्यटन की दृष्टि से भी आकर्षण बढ़ेगा। नगर विकास एवं आवास विभाग द्वारा इस योजना के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है, और जैसे ही यह प्रक्रिया पूरी होती है, कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा। विभाग का लक्ष्य है कि निर्माण कार्य 9 माह की अवधि में पूर्ण कर लिया जाए। गौरतलब है कि फारम बांध कटोरिया क्षेत्र में एक प्रसिद्ध स्थल रहा है, जहां धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक आयोजनों के साथ-साथ लोग प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लेने के लिए भी आते हैं। इस संबंध में नगर पंचायत की चेयरमैन सपना शिवानी ने कहा कि फारम बांध सौंदर्यीकरण परियोजना के तहत पार्क, लाइटिंग, बैठने की व्यवस्था और हरियाली जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। हमारा प्रयास है कि इसे एक आदर्श पर्यटन और मनोरंजन स्थल के रूप में विकसित किया जाए। यह कटोरिया के समग्र विकास की दिशा में एक अहम कदम है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।