उत्तर बिहार में मौसम खराब, इन जिलों में आंधी-बारिश और वज्रपात का रेड अलर्ट
Bihar Weather: मौसम विभाग ने उत्तर बिहार में सोमवार रात मौसम खराब रहने की आशंका जताई है। कुछ जिलों में रेड तो कुछ में ऑरेंज अलर्ट जारी कर आंधी, बारिश, वज्रपात और ओले गिरने के आसार जताए गए हैं।

Bihar Weather: बिहार में एक बार फिर मौसम ने करवट बदली है। उत्तर बिहार के कई क्षेत्रों में सोमवार शाम को तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई है। मौसम विभाग ने आंधी, बारिश, वज्रपात के साथ ओले गिरने के आसार जताए हैं। मुजफ्फरपुर, शिवहर, पश्चिम चंपारण और पूर्वी चंपारण जिले में रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं, सीतामढ़ी, सीवान, गोपालगंज जिले में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया। इन जिलों में सोमवार रात को 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवा चलने, बरसात और आकाशीय बिजली गिरने के साथ ही कहीं-कहीं ओलावृष्टि होने के आसार हैं।
मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को प्रदेश के ज्यादातर शहरों का अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट आई। प्रदेश में सबसे अधिक 41 डिग्री सेल्सियस मोतिहारी और सबसे न्यूनतम पारा वाला शहर 24.1 डिग्री सेल्सियस के साथ मधेपुरा है। वहीं मोतिहारी के अलावा गोपालगंज का 40.2 डिग्री सेल्सियस, रोहतास के डेहरी का 40.1 डिग्री सेल्सियस, गया का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा अन्य शहरों का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के नीचे रहा।
वहीं पटना सहित राज्य में तापमान और नमी के मिश्रण से लोगों को गर्मी अधिक सता रही है। सोमवार को प्रदेश का अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस और आर्द्रता की मात्रा 90 प्रतिशत रहने के कारण लोगों को दर्ज तापमान से 10 से 12 डिग्री सेल्सियस अधिक का अनुभव हुआ। इस कारण लोगों को बेचैनी करने वाली गर्मी का एहसास हो रहा है।
(हिन्दुस्तान अखबार के इनपुट के साथ)