भोजपुर : फर्जी प्रमाण पर बहाल शिक्षक गिरफ्तार
बिहार के कृष्णगढ़ थाने की पुलिस ने फर्जी प्रमाण पत्र पर बहाल एक शिक्षक रवि कुमार गुप्ता को गिरफ्तार किया है। वह उत्क्रमित मध्य विद्यालय में 2012-13 से कार्यरत था। हाईकोर्ट में दो वर्ष पूर्व उनके खिलाफ...

आरा/ बड़हरा। कृष्णगढ़ थाने की पुलिस ने फर्जी प्रमाण पत्र पर बहाल एक शिक्षक को गिरफ्तार किया है। वह कृष्णगढ़ थाना क्षेत्र के सरैया बाजार निवासी कृष्णा गुप्ता का पुत्र रवि कुमार गुप्ता है। उसे शनिवार को घाघर गांव स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय के पास गिरफ्तार किया गया है। वह बड़हरा प्रखंड के घाघर गांव स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय में पोस्टेड था। बताया जा रहा है कि रवि कुमार गुप्ता ने सत्र वर्ष 2012-13 में उत्क्रमित मध्य विद्यालय में शिक्षक के रूप में नौकरी ज्वाइन की थी। उस समय से वह उसी विद्यालय में शिक्षक के पद पर कार्यरत थे। दो वर्ष पूर्व उनके खिलाफ हाईकोर्ट में परिवाद दायर किया गया था। इस आधार पर निगरानी की टीम सरैया बाजार पहुंची थी और उनके सर्टिफिकेट व डॉक्युमेंट की जांच की। जांच में नौकरी की ज्वाइनिंग के समय शिक्षक की ओर से दिये गये सभी डाक्युमेंट्स व सर्टिफिकेट फर्जी पाये गये थे। इसके बाद निगरानी की ओर से उनके खिलाफ केस किया गया था। इस मामले में पुलिस ने शनिवार की दोपहर उन्हें स्कूल के समीप से गिरफ्तार कर लिया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।