शादीशुदा लड़की के प्रेम में मारा गया छात्र, तीन मुख्य आरोपित गिरफ्तार
कोईलवर हत्याकांड का खुलासा अन्य की तलाश में छापेमारी पड़ोसी की लड़की से तीन साल बड़ी लड़की

कोईलवर हत्याकांड का खुलासा हत्या के तीन घंटे बाद कोईलवर से ही पकड़े गये तीनों अभियुक्त, अन्य की तलाश में छापेमारी पड़ोसी की लड़की से तीन साल से था प्रेम प्रसंग, शादी के बाद भी चल रहा था चक्कर कोईलवर स्थित उत्क्रमित कन्या मध्य विद्यालय के पास गुरुवार की दोपहर की गयी थी हत्या छात्र के पिता के बयान पर सात लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज शुक्रवार को घटनास्थल पर पहुंचे एसपी, अफसरों संग की तफ्तीश आरा। हिन्दुस्तान संवाददाता भोजपुर के कोईलवर निवासी इंटर के छात्र रोहित कुमार की हत्या का खुलासा पुलिस ने कर दिया है। पड़ोस की एक शादीशुदा लड़की से प्रेम प्रसंग में उसकी हत्या की गयी है। हत्या के तीन मुख्य अभियुक्तों को गिरफ्तारी और पूछताछ के बाद पुलिस की ओर से हत्या का राजफाश किया गया है। गिरफ्तार अभियुक्तों में छात्र के पड़ोस के ही अविनाश कुमार, नागेंद्र यादव (राय) और उनका पुत्र विशाल कुमार शामिल हैं। तीनों को हत्या के करीब तीन घंटे बाद कोईलवर से ही गिरफ्तार किया गया। इनमें विशाल कुमार और अविनाश कुमार रिश्ते में चाचा-भतीजा हैं। दोनों का पूर्व से भी आपराधिक इतिहास रहा है। हालांकि हत्या में इस्तेमाल आर्म्स की बरामदगी नहीं हो सकी है। तीनों से पूछताछ कर हथियार और घटना में अन्य अभियुक्तों के बारे में जानकारी ली जा रही है। एसपी राज ने शुक्रवार को प्रेस कांफ्रेंस में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शुक्रवार की दोपहर कोईलवर स्थित कन्या मध्य विद्यालय के पास वार्ड नंबर चार निवासी देव कुमार राय उर्फ डमडम राय के 21 वर्षीय पुत्र रोहित कुमार की गोली मार हत्या कर दी गई थी। घटना के तुरंत बाद सदर एसडीपीओ टू रंजीत कुमार सिंह के नेतृत्व में सर्किल इंस्पेक्टर और थानाध्यक्ष पहुंचे। जख्मी छात्र को अस्पताल पहुंचाया गया और अभियुक्तों की गिरफ्तारी को छापेमारी शुरू कर दी गई। तीन घंटे के अंदर तीनों मुख्य अभियुक्तों को कोईलवर से गिरफ्तार कर लिया गया। तीनों से पूछताछ में पता चला कि एक अभियुक्त की शादीशुदा बहन से रोहित कुमार का प्रेम संबंध चल रहा था। मना करने के बाद भी रोहित कुमार और उस लड़की का मिलना-जुलना चलता रहा। इसी के गुस्से में रोहित की गोली मार कर हत्या कर दी गई। हालांकि अभी कुछ अभियुक्त फरार चल रहे हैं। इनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी चल रही है। जल्द ही उन सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पहले दी धमकी, फिर घर से बुला ले जाने के बाद कर दी गयी हत्या रोहित कुमार की हत्या को लेकर प्राथमिकी दर्ज करा दी गयी है। पिता देव कुमार राय उर्फ डमडम राय की तहरीर पर गांव के सात लोगों के खिलाफ केस किया गया है। इनमें नागेंद्र राय, उसके भाई पिंटू राय, अविनाश कुमार, पुत्र विशाल कुमार के अलावा घर के ही विशाल कुमार, अविनाश कुमार, विष्णु कुमार और सुजीत कुमार को नामजद किया गया है। अविनाश कुमार और विशाल कुमार पर गोली मारने का आरोप लगाया गया है। प्राथमिकी में पिता देव कुमार राय उर्फ डमडम राय की ओर बताया गया है कि एक अभियुक्त बेटी से उनके बेटे रोहित कुमार का करीब तीन वर्ष से प्रेम-प्रसंग था। दो वर्ष पूर्व उस लड़की शादी हो गई थी। इसके बाद भी वह उनके बेटे से मिलती थी। उसकी जानकारी उसके परिवार वाले को लग गई। इसके बाद नागेंद्र राय और पिंटू राय द्वारा उनके घर पर जाकर उनके सामने उनके बेटे को रास्ते से हटाने के धमकी दी गई थी। गुरुवार की दोपहर विशाल कुमार और विकाश कुमार बाइक लेकर उनके घर पहुंचे और अविनाश एवं विष्णु द्वारा बुलाने की बात कह उनके बेटे रोहित को कन्या मध्य विद्यालय के पीछे बांध पर टोली बागीचे में ले गये। कुछ देर बाद उनके बेटे की गोली मार हत्या कर दी गई। इधर, हत्या के बाद एसपी राज भी घटनास्थल पर पहुंचे और अपने स्तर से छानबीन की।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।