दोस्तों संग घर से निकले युवक का मिला शव, गला दबा हत्या का आरोप
-भोजपुर के सिकरहट्टा थाना क्षेत्र के बागर गांव में रविवार की रात हुई घटना सोमवार की सुबह गांव स्थित मुर्गा फॉर्म के पास एक झोपड़ी से मिला शव

-भोजपुर के सिकरहट्टा थाना क्षेत्र के बागर गांव में रविवार की रात हुई घटना -सोमवार की सुबह गांव स्थित मुर्गा फॉर्म के पास एक झोपड़ी से मिला शव -परिजनों का दो दोस्तों पर हत्या का आरोप, एक गिरफ्तार -शव का पोस्टमार्टम करा मामले की छानबीन में जुटी पुलिस आरा। हिन्दुस्तान संवाददाता भोजपुर के सिकरहट्टा थाना क्षेत्र के बागर गांव में रविवार की रात घर से बुलाकर ले जाने के बाद एक युवक की हत्या कर दी गई। उसका शव सोमवार की सुबह गांव स्थित मुर्गा फॉर्म के समीप एक झोपड़ी से मिला है। उसके नाक से खून बह रहा था। बाएं आंख पर खून लगा था। जीभ बाहर निकली थी और गर्दन पर लाल निशान था। इसके अलावा सीने पर लाल व काला निशान, दोनों बांह पर लाल निशान और दोनों हाथ की कलाई पर बांधने जैसे निशान मिले हैं। इस कारण परिजनों की ओर से उसके दोस्तों पर गला दबा हत्या करने का आरोप लगाया जा रहा है। हालांकि हत्या का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं है। मृत युवक बागर गांव निवासी रेयाजुद्दीन आलम का 35 वर्षीय पुत्र परवेज आलम था। वह दिल्ली में प्राइवेट कंपनी में काम करता था। कंपनी बंद होने के कारण वह करीब दो माह पूर्व गांव पर लौटा था और पोलदारी का काम करता था। सोमवार की सुबह युवक का शव मिलने से गांव में सनसनी मच गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने मामले की छानबीन के दौरान युवक के एक दोस्त को हिरासत में ले लिया। इसके बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया। युवक के छोटे भाई शमशेर आलम ने बताया कि रविवार की शाम करीब छह बजे उसके दोस्त विदाई और बड़े घर आये। दोनों उसे बुला अपने साथ लेकर चले गये। देर रात तक उसका भाई घर नहीं लौटा, तो उसकी खोजबीन की गयी पर कुछ पता नहीं चला। सोमवार की सुबह एक दोस्त ने फोन कर उसे सूचना दी कि गांव स्थित मुर्गा फॉर्म के पास झोपड़ी में उसके बड़े भाई परवेज आलम का शव पड़ा है। सूचना मिलने पर परिजन पहुंचे, तो देखा कि वह मृत पड़ा है। उसके गले और सीने पर निशान देख पुलिस को सूचना दी। तब पुलिस पहुंची और छानबीन की। भाई बोला : पूर्व में झगड़े को लेकर गांव में कुछ लोगों से चल रहा था विवाद शमशेर आलम ने बताया कि पूर्व में गांव के कुछ लोगों से झगड़ा हुआ था। इसे लेकर उन लोगों से विवाद भी चल रहा है। उसने कहा कि रविवार की शाम उसके भाई के दोस्त विदाई और बड़े घर आये थे। दोनों उसके भाई को घर से बुलाकर ले गये थे। उसने उसी दोनों दोस्तों पर ही भाई की गला दबा हत्या करने का आरोप लगाया है। बहरहाल पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। जानकारी के अनुसार पुलिस उसके एक दोस्त को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। इधर, घटना के बाद युवक के घर कोहराम मचा है। बताया जा रहा है कि मृत परवेज आलम अपने पांच भाई और एक बहन में बड़ा था। उसके परिवार में मां मेहरून निशा, पत्नी अजमेरी खातून, पुत्री सोनी परवीन, सौम्या परवीन, पुत्र दानिश आलम और दिलशाद आलम है। मां मेहरून निशा और पत्नी अजमेरी खातून सहित परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।