लैगिंग अपराध और ट्रैफिक नियमों की जानकारी के लिए रैली
बिहार पुलिस सप्ताह लैगिंग अपराध और यातायात नियमों के प्रति जागरूकता रैली में शामिल बाइक सवार महिला पुलिसकर्मी

बिहार पुलिस सप्ताह आरा। बिहार पुलिस सप्ताह के दूसरे दिन रविवार को लैगिंग अपराध और यातायात नियमों की जागरूकता को लेकर रैली निकाली गई। लैगिंग अपराध की रोकथाम और जागरूकता को महिला थाना पुलिस की ओर से साइकिल रैली सह जागरूकता अभियान चलाया गया। उसमें बड़ी संख्या में स्कूली छात्राओं ने भाग लिया। अभियान का नेतृत्व महिला थानाध्यक्ष सहित अन्य पुलिसकर्मियों ने किया। अभियान के तहत किशोरियों एवं महिलाओं को लैंगिक अपराध, हिंसा और उत्पीड़न से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी गई। अभियान का उद्देश्य महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों और सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक करना और उन्हें आत्मरक्षा के लिए प्रेरित करना था। साइकिल रैली में दिशा एक प्रयास संस्था की भूमिका काफी सराहनीय रही। मौके पर रेडक्रॉस सोसायटी की सचिव डॉ विभा सिंह के अलावा सुनिता देवी सहित अन्य पुलिसकर्मी उपस्थित थीं। इधर, यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए महिला सिपाहियों द्वारा न्यू पुलिस लाइन से बाइक रैली निकाली गई। बता दें कि पुलिस-पब्लिक मैत्री को लेकर हर साल 22 से 27 फरवरी तक पुलिस सप्ताह मनाया जाता है। उस दौरान विभिन्न तरह के कार्यक्रम आयोजित किये जाते हैं। सप्ताह के पहले दिन शनिवार को नवीन पुलिस लाइन में वालीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।