Hindi Newsऑटो न्यूज़Tata Group Former Chairman Cyrus Mistry Breaks Highway And Expressway Speed Limit Rule In India

हाईवे पर 150km/h की रफ्तार से दौड़ रही थी साइरस मिस्त्री की कार, नियम से बहुत ज्यादा; तोड़ने पर जुर्माना भी

एक्सीडेंट से ठीक पहले साइरस मिस्त्री की कार ने 9 मिनट में 20km का सफर तय किया था। उसकी स्पीड 150km/h से ज्यादा थी। ऐसे में हम आपको हाईवे पर स्पीड लिमिट से जुड़े नियम और चालान के बारे में बता रहे है।

Narendra Jijhontiya लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्लीTue, 6 Sep 2022 12:20 PM
share Share

टाटा ग्रुप के पूर्व चेयरमैन साइरस मिस्त्री (Cyrus Mistry) के मौत की वजह नियमों का ध्यान नहीं रखना था। उन्होंने सीट बेल्ट नहीं लगाया था। साथ ही, उनकी कार की स्पीड भी तय नियम से ज्यादा थी। बता दें कि रविवार, 4 सितंबर को मुंबई-अहमदाबाद हाईवे पर सड़क दुर्घटना में उनका निधन हो गया। उनकी मर्सिडीज GLC 200D SUV हाईवे पर ओवर स्पीड के साथ दौड़ रही थी। एक्सीडेंट से ठीक पहले उनकी कार ने 9 मिनट में 20km का सफर तय किया था। यानी उनकी स्पीड 150km/h से भी ज्यादा थी। ऐसे में हम यहां पर आपको हाईवे पर स्पीड लिमिट से जुड़े नियम और चालान के बारे में बता रहे हैं। आप इन नियमों को फॉलो करते हैं तब सुरक्षित रहेंगे और चालान से भी बचेंगे।

देश में स्पीड लिमिट से जुड़े नियम
भारत में नेशनल हाईवे और एक्सप्रेसवे पर चलने वाली गाड़ियों की स्पीड को लेकर अलग-अलग नियम हैं। नेशनल हाईवे पर कार के लिए जहां 100km/h की अधिकतम स्पीड लिमिट तय की गई है, तो एक्सप्रेस-वे पर ये लिमिट 120km/h की है। स्पीड लिमिट टू-व्हीलर और हैवी व्हीकल के लिए भी अलग-अलग है। टू-व्हीलर के लिए हाईवे और एक्सप्रेसवे पर स्पीड लिमिट 80km/h और हैवी व्हीकल, जैसे बस और ट्रक के लिए स्पीड लिमिट 100km/h तक है। इतना ही नहीं, सर्दी के मौसम में स्पीड लिमिट को घटा दिया जाता है।

CCTV कैमरे से होती है निगरानी
देश के लगभग सभी एक्सप्रेसवे पर ऐसे CCTV कैमरे लगाए गए हैं जो गाड़ी की स्पीड पर नजर रखते हैं। आप गाड़ी की स्पीड 120km/h से ज्यादा रखते हैं, तब अगले टोल प्लाजा पर उसके टाइम से पता चल जाता है। जिसके बाद वहां पर गाड़ी का चालान किया जा सकता है। ये चालान वैसे तो फिक्स होता है, लेकिन स्पीड के हिसाब से ज्यादा भी किया जा सकता है। जैसे यमुना एक्सप्रेसवे पर स्पीड लिमिट क्रॉस करने पर 500 रुपए का चालान लगता है। 2019 में 214km/h की स्पीड के चलने वाली मर्सिडीज पर 2000 रुपए का ई-चालान किया गया था। चालान नहीं भरने की कंडीशन में ड्राइविंग लाइसेंस कैंसल किया जा सकता है।

गडकरी ने भी तोड़ा था स्पीड लिमिट का नियम
बीते साल 16 सितंबर, 20221 को केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने जावरा (मध्यप्रदेश) में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे की क्वालिटी को परखने के लिए 170 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से गाड़ी को चलवाया था। ये टेस्ट उन्होंने किआ कार्निवाल में बैठकर किया था। जब कार की स्पीड 120km/h से ऊपर चली गई तब स्पीड अलर्ट की बीप आने लगी थी, लेकिन मंत्री जी स्पीड बढ़वाते रहे। जब कार की स्पीड 170km/h तक पहुंच गई तब इसे मेंटेन किया गया। गडकरी अक्सर एक्सप्रेसवे की क्वालिटी चेक करने के लिए ऐसा टेस्ट करते हैं। इस एक्सप्रेसवे से मुंबई और दिल्ली का सफर सिर्फ 12 घंटे में पूरा हो जाएगा। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे को बनाने में 98,000 करोड़ रुपए खर्च होंगे। इसकी लंबाई 1380km है। इतनी लंबाई वाला ये देश का सबसे बड़ा एक्सप्रेसवे बन जाएगा।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें