Notification Icon
Hindi Newsधर्म न्यूज़govardhan puja correct date and time puja shubh muhurat

Govardhan Puja Date : शोभन योग एवं अनुराधा नक्षत्र में कल होगी गोवर्धन पूजा, पंडित जी से जान लें पूजन मुहूर्त

Govardhan : गोवर्धन पूजा के महत्त्व को लेकर बताया कि गोवर्धन पूजा के दिन भगवान गोवर्धन और श्री कृष्ण की पूजा करने से जीवन में आने वाले कष्ट दूर हो जाते हैं। घर में मां लक्ष्मी का वास स्थापित होता है।

Yogesh Joshi कार्यालय संवाददाता, अलीगढ़Mon, 13 Nov 2023 08:55 AM
share Share

दीपावली पर्व पांच दिवसीय नहीं बल्कि छह दिन का मनाया जाएगा, जिसके पीछे मुख्य गोवर्धन पूजा है। यह दिवाली के अगले दिन ना होकर 14 नवंबर मंगलवार को मनायी जाएगी। वैदिक ज्योतिष संस्थान के प्रमुख स्वामी पूर्णानंदपुरी महाराज ने गोवर्धन पूजा और भाई दौज के विषय में बताया कि इस बार दीपावली की अमावस्या 12 और 13 नवंबर दोनों दिन मनायी जा रही है। इसका कारण सोमवार को स्नान दान श्राद्ध की सोमवती अमावस्या है। जिसकी वजह से त्यौहार, शुभ कार्य व पूजन नहीं हो सकता।

सोमवार 13 नवंबर को प्रतिपदा तिथि दोपहर 02:56 से प्रारंभ होकर 14 नवंबर को दोपहर 02:36 तक रहेगी। अतः इस दिन गोवर्धन पूजा का शुभ मुहूर्त प्रातः 06:43 से 08:52 तक रहेगा वहीं इस दिन शोभन योग और अनुराधा नक्षत्र का निर्माण हो रहा है। शोभन योग मंगलवार प्रातः काल से प्रारंभ होकर दोपहर 01:07 मिनट तक रहेगा वहीं, अनुराधा नक्षत्र 15 नवंबर बुधवार रात्रि 03:24 मिनट तक रहेगा।

गोवर्धन पूजा के महत्त्व को लेकर बताया कि गोवर्धन पूजा के दिन भगवान गोवर्धन और श्री कृष्ण की पूजा करने से जीवन में आने वाले कष्ट दूर हो जाते हैं। घर में मां लक्ष्मी का वास स्थापित होता है। गोवर्धन भगवान का आशीर्वाद मिलता है। घर की उन्नति होती है, सुख-समृद्धि आती है। घर में सकारात्मकता का संचार होने लगता है। आर्थिक स्थिति मजबूत होती है, तंगी और कर्ज जैसी समस्याएं दूर हो जाती हैं, सौभग्य में वृद्धि होती है, घर धन-धान्य से भरा रहता है।

पूजा सामग्री: गोवर्धन पूजा में गाय के गोबर से गोवर्धन पर्वत और ग्वाल बाल बनाए जाते हैं जिसके पास भगवान श्रीकृष्ण की मूर्ति रखकर धूप दीप से उनकी आरती कर उन्हें ताजे फूल अर्पित किए जाते हैं, जिसजे बाद भगवान श्रीकृष्ण को छप्पन अलग -अलग तरह के भोग लगाएं जाते हैं और साथ ही साथ  दूध, घी, शक्कर, दही और शहद से बना पंचामृत चढ़ाया जाता है।

अगला लेखऐप पर पढ़ें